गोरखपुर। तारामंडल उपकेंद्र से जुड़े कई इलाकों में तीन दिनों से बिजली गुल रहने के विरोध में बुधवार को स्थानीय लोगों ने उपकेंद्र पर हंगामा किया। शाम करीब 8 बजे के आसपास स्थानीय लोग उपकेंद्र पहुंचे तो बिजली विभाग के कर्मचारी ने खुद को अंदर बंद कर लिया। हंगामा कर रहे लोग एसडीओ को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
बुधवार शाम करीब 8 बजे भरवलिया, अश्वमेध नगर इलाके से कुछ स्थानीय लोग तारामंडल उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा करने लगे। अश्वमेध नगर के दुर्गेश तिवारी ने बताया कि तीन दिन से बिजली नहीं आ रही है। पानी के लिए लोग तरस गए हैं। वहीं डॉ. ऋषि की शिकायत थी कि अगर मंटीनेंस का काम भी हो रहा था तो पहले ही अधिकारियों को सूचना देनी चाहिए थी। अचानक से लाइट काट दी गई वो भी पूरे-पूरे दिन। इस बारे में जेई संजय यादव ने बताया कि एलटी लाइन पर तीन दिन से तार बदलने का काम चल रहा है। इसलिए थोड़ी दिक्कत आ रही है। पुराने तार बदलने के बाद इलाके में बिजली की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। दो फेज में बिजली की दिक्कत है। एक को सही कर दिया गया है।