संतकबीरनगर। खलीलाबाद के विधियानी मोड़ के समीप रविवार को बाइक से जा रहे सिपाही को दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइंस में पुलिस कर्मियों ने अंतिम विदाई दी।
महराजगंज जनपद के ठूठीबारी थाना क्षेत्र के चठिया गांव निवासी राघवेंद्र पाठक पुत्र राधेश्याम पाठक महुली थाना क्षेत्र में यूपी 100 में तैनात थे। वे खलीलाबाद के डीघा बाईपास के पास किराए के घर में परिवार संग रहते थे। रविवार की सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह बाइक से घर पर जा रहे थे। अभी वह विधियानी मोड़ से आगे ही बढ़े ही थे कि एक विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वे बाइक समेत सड़क पर गिर गए। घटना के बाद भीड़ जमा हो गई। लोगों से मिली सूचना पर कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस पहुंची। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सिपाही की मौत की सूचना पर सीओ राजेश कुमार, कोतवाल बीबी सिंह, चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र तिवारी समेेेेत अन्य पुलिस कर्मी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद सिपाही को अंतिम सलामी दी गई और शव को उनके गृह जनपद महराजगंज भेज दिया। घटना से साथी पुलिस कर्मी काफी आहत थे। पुलिस कर्मियों ने बताया कि राघवेंद्र पाठक काफी मिलनसार थे।
डेढ साल की मासूम के सिर से उठा पिता का साया
संतकबीरनगर। शहर के विधियानी मोड़ के पास हादसे में सिपाही राघवेंद्र पाठक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी ऋचा पाठक रह-रह का बेहोश हो जा रही थीं। लोग उन्हें संभालने में लगे रहे। पुलिस चौकी पर वह बदहवास बैठी थीं। राघवेंद्र की एक डेढ़ साल की बेटी पंखुड़ी है, जिसकी निगाहें पिता को ढूंढ रही थीं। वहीं राघवेंद्र के पिता राधेश्याम पाठक के आंसू नहीं रुक रहे थे। घटना से वह काफी सदमे में थे। अन्य परिजन का भी रो-रोकर बुरा हाल था। साथी सिपाही यही कह रहे थे मासूम बच्ची के सिर से बाप का साया उठ गया।
हादसे में ट्रक चालक समेत तीन घायल
कांटे। कोतवाली क्षेत्र के जिगिना चौराहे पर शनिवार की रात सड़क पर खड़ी एक ट्रक में पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रक चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक जिगिना चौराहे पर जल निगम का एक ट्रक खराब था। जो सड़क के किनारे खड़ी था। शनिवार की रात पीछे से एक ट्रक ने जल निगम की ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक इरशाद निवासी सुहालपुर थाना सुहालपुर जिला शाहजहांपुर के साथ दो अन्य लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया जहा उनका इलाज चल रहा है।