गोरखपुर।
मेडिकल कालेज में ऑक्सीजन संकट के दौरान बच्चों की मौत के बाद फंसे डॉ. कफील खान सोशल मीडिया पर सफाई देकर घिर गए हैं। कुछेक लोगों को छोड़ दें तो वीडियो के कमेंट बॉक्स में ज्यादातर उनके खिलाफ ही गुस्सा फूट रहा है।
फेसबुक पर डॉ. कफील का वीडियो वायरल होने के बाद 26 अगस्त तक व्यूवर की संख्या चार लाख 84 हजार तक पहुंच गई। वीडियो को 12 सौ लाइक मिले और इस पर 21 सौ कमेंट आए हैं। पूरे वीडियो में डॉ. कफील ने मार्मिक तरीके से खुद को पाक-साफ बताने की कोशिश की है। इसके बाद भी वीडियो को देखने के बाद भी ज्यादातर लोगों ने डॉ. कफील को गुनहगार मानते हुए कमेंट में अपशब्दों का भी जमकर प्रयोग किया है। वहीं कुछ लोग अपने कमेंट में डॉ. कफील को निर्दोष करार देते हुए दुआ कर रहे हैं। उनके पक्ष और विपक्ष में कमेंट करने वाले लोगों आपस में भिड़ जा रहे हैं। लब्बोलुआब ये कि समर्थन से ज्यादा सोशल मीडिया पर डॉ. कफील की छिछालेदर हो रही है।