कांटे(संतकबीरनगर)। भेलवासी गांव में सोमवार को एक युवती की चोटी कट गई। इसके सदमे से युवती बेहोश हो गई। एक निजी अस्पताल में उपचार के करीब एक घंटे बाद युवती को होश आया। भेलवासी गांव निवासी रामनवल ने बताया कि सोमवार की सुबह 10 से 11 बजे के बीच में उसकी 18 वर्षीय बेटी किरन मां और कुछ अन्य महिलाओं के साथ घर में बैठी थी। बेटी मां के बालों की कंघी कर रही थी। इसी दौरान अचानक जमीन पर पड़ी चोटी की तरफ बेटी की नजर गई। मां और अन्य महिलाओं ने देखा कि बेटी की चोटी कट गई है। उसके बाद सदमे से बेटी बेहोश हो गई। वहीं, उसे प्राइवेट चिकित्सक को बुला कर उपचार कराया गया तो एक घंटे बाद बेटी को होश आया। लोगों का कहना था कि आए दिन कहीं न कहीं चोटी कटने की खबर मिलने से चचाएं जारी हैं। लेकिन चोटी कैसे कट रही है और कौन काट रहा है, इसका पर्दाफाश अभी तक नहीं हो पाया है। इसे लेकर युवतियां और महिलाएं डरी हुई हैं। एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि चोटी कटने की घटना महज अफवाह है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की जरूरत है।