अड्डा बाजार। मंगलवार को चंडीथान गांव के पास अगला पहिया का टायर फट जाने से सोनौली की ओर जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर बगल के गड्ढे में पलट गई। उसमें सवार 50 वर्षीय शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य सवार घायल हो गए। उनमें से एक को नौतनवां सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
नौतनवा थाना क्षेत्र के संपतिहा चौकी पुलिस के मुताबिक, गोरखपुर से सोनौली की ओर जा रही बोलरो का चंडीथान गांव के सामने अचानक अगला पहिया बर्स्ट कर गया। सामने से आ रहे ट्रक से बचाने के चक्कर में अनियंत्रित बोलेरो सड़क के किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। इस दौरान फाटक खुल और किनारे सीट पर बैठे उड़ीसा के हरिहर उपाध्याय गिर गए और बोलेरो नीचे आने से मौके पर उनकी मौत हो गई। बोलेरो में सवार एक शख्स को गंभीर चोटें आई हैं। 100 नंबर पुलिस ने उनको नौतनवां सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं और वे अपने गंतव्य को रवाना हो गए। नौतनवां थाना क्षेत्र के हथियाहवा गांव निवासी चालक पूरन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उसके पास मौजूद ड्राइविंग लाइसेंस से हुई। शव बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।