अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
पार्वती वेलफेयर सोसायटी की ओर से रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित गोरखपुर प्रीमियर लीग 2017 के तहत रविवार को खेले गए हॉकी और फुटबाल मैचों के फाइनल मुकाबले में (महिला और पुरुष वर्ग दोनों में) एस्प्रा स्पोर्ट्स क्लब और अमित चौरसिया स्पोर्ट्स क्लब चैंपियन बने। प्रीमियर लीग के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राजीव रौतेला ने विजेता, उप विजेता टीमों सहित मैन ऑफ द टूर्नामेेंट हैदर अली और देवरिया की अदिति को सम्मानित किया।
बालक वर्ग हॉकी मुकाबले के फाइनल मैच में एस्प्रा स्पोर्ट्स क्लब वीसीडी स्पोर्ट्स क्लब को 9-4 से हरा चैंपियन बना। एस्प्रा की ओर से संदीप ने चार गोल, शाहरुख ने दो और शहनवाज ने तीन गोल दागे। जबकि बीसीडी की ओर से मो. हदीश ने दो, टीपू अली ने एक, संजीत सिंह चौहान ने एक एक गोल किया। महिला वर्ग हॉकी के फाइनल में अमित चौरसिया स्पोर्ट्स क्लब पार्वती स्पोर्ट्स क्लब को 3-0 से हराकर चैंपियन बना। वर्षा, शिवानी सिंह और शैल गुप्ता ने 1-1 गोल दागकर एकतरफा जीत हासिल की।
इसी तरह से फुटबाल फाइनल मैच में एस्प्रा स्पोर्ट्स क्लब ने 2-0 से पार्वती स्पोर्ट्स क्लब को हराकर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच के 35वें मिनट में अमन ने और आयुष ने 50वें मिनट में गोल करके टीम को चैंपियन बनाया। बालिका वर्ग में अमित चौरसिया स्पोर्ट्स क्लब ने सोनम रावत के एक गोल से 1-0 से पार्वती स्पोर्ट्स क्लब को हराया। इस मौके पर रीता मिश्रा, जावेद आलम, मनीष, विकास, महेंद्र गुप्ता, शंभूनाथ आदि उपस्थित रहे।