भटहट (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके के एक गांव में शनिवार को बकरी चराने गई सात साल की बालिका से बलात्कार का मामला सामने आया है। बालिका का शोर सुनकर उस ओर गए लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित की मां की तहरीर पर आरोपी रूदल के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बालिका के खून का रिसाव होने से पुलिस उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गई। बाद में बालिका को इलाज और मेडिकल जांच के लिए महिला अस्पताल भेजा गया।
बालिका गांव के स्कूल में कक्षा एक में पढ़ती है। दोपहर में वह बकरी चराने गई थी। आरोप है कि गांव का रूदल वहां आया और बकरी चरा रहे अन्य बच्चों को भगा दिया। इसके बाद बालिका को पास की झाड़ी की ओर ले गया और हैवानियत की। बालिका का शोर सुनकर कुछ लोग दौड़े तो आरोपी भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ा और धुनाई भी की। पीड़िता की मां के मुताबिक उसके पति की मौत हो चुकी है। उसके तीन बेटियां और एक बेटा है। जिस बेटी के साथ हैवानियत हुई, वह दूसरे नंबर की है। आरोपी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक नशे में था। गुलरिहा इंस्पेक्टर ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया गया है।