शाहपुर के पादरी बाजार में गणतंत्र दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बदमाशों ने दो स्कूलों में जमकर उत्पात मचाया। छात्राओं के कार्यक्रम के दौरान बदमाश वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे थे और इन्कार करने पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशोें से खौफजदा स्कूल प्रबंधन भी तहरीर देने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। स्कूल से घर पहुंचकर बच्चों ने घरवालों को इसकी जानकारी दी तो वे भी दहशत में आ गए। इलाके में घटना की चर्चा तो है लेकिन तहरीर देने के लिए कोई आगे नहीं आ रहा।
गणतंत्र दिवस पर एक स्कूल में कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि ईंट से कुचलकर हत्या के मामले में जमानत पर रिहा हुआ आरोपी साथियों के साथ स्कूल में पहुंच गया और छात्राओं का वीडियो बनाने लगा। एक छात्र के आपत्ति करने पर उसने छात्र की पिटाई कर दी। बवाल होता देख वहां मौजूद लोगों में से एक ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक बदमाश फरार हो गए थे।
इसके बाद वे पास में ही स्थित दूसरे स्कूल में पहुंच गए और वहां भी उत्पात मचाने लगे। बदमाशों ने छात्राओं से मनपसंद गाने पर डांस करने को कहा। एक शिक्षक के इन्कार करने पर मनबढ़ अपशब्द कहने लगे और फिर गेट पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। खौफ में स्कूल प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम बंद करा दिया गया।
इंस्पेक्टर घनश्याम तिवारी ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। फायरिंग की जानकारी नहीं है। तहरीर मिली तो कार्रवाई होगी।