फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेयर के दो पर्चे खारिज, हाथ का साथ राकेश को

Wed, 08 Nov 2017 01:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
पर्चों की जांच के दौरान नामांकन कक्ष के बाहर जांच करते अधिकारी। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
मंगलवार को हुई पर्चों की जांच में दो प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त हो गए। इनमें से एक ने शपथपत्र के बजाए साधारण पन्ने पर हैसियत का ब्यौरा दिया था तो एक के प्रस्तावक ने ही हस्ताक्षर नहीं किया था। मेयर के लिए अब मैदान में 14 दावेदार रह गए हैं। हालांकि अभी नौ नवंबर तक नाम वापस लेने का मौका है। इसके बाद ही यह तय हो सकेगा कि मेयर की कुर्सी के लिए कितने प्रत्याशियों के बीच टक्कर होगी।
विज्ञापन


जिन दो लोगों के पर्चे खारिज हुए उनमें बहुजन मुक्ति मोर्चा के स्वामीनाथ और सर्वोदय पार्टी के अशोक कुमार गुप्ता शामिल हैं। प्रस्तावक के हस्ताक्षर न होने से स्वामीनाथ का पर्चा खारिज हो गया। इसी तरह शपथ पत्र पर हैसियत और आपराधिक रिकार्ड का ब्यौरा नहीं देने पर अशोक गुप्ता का पर्चा खारिज हुआ। निर्दल और फिर रालोद से पर्चा दाखिल करने वाले मोहम्मद इस्लाम रालोद से ही चुनाव लड़ेंगे।

राकेश को मिला पंजे का साथ, धरमराज निर्दल
कांग्रेस से पहले नामांकन करने वाले धरमराज निर्दल प्रत्याशी के तौर पर ही चुनाव लड़ सकेंगे। हाथ का साथ राकेश यादव को मिलेगा। आरओ डॉ चंद्रभूषण ने बताया कि धरमराज के नामांकन के बाद कांग्रेस पार्टी की तरफ से उन्हें दिया गया सिंबल निरस्त करते हुए राकेश यादव को आवंटित कर दिया गया था। सिंबल न होने से धरमराज अब निर्दल प्रत्याशी हो गए।
विज्ञापन


पार्षद के चार और अध्यक्ष के 12 पर्चे खारिज
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान जहां मेयर के दो पर्चे खारिज हुए वहीं नगर निगम पार्षद के लिए चार तथा नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 12 पर्चे खारिज हो गए। नगर निगम पार्षद के लिए वार्ड नंबर 35, 40, 48 और 51 में एक-एक पर्चे खारिज हुए। 70 वार्ड में पार्षद के लिए अब 723 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। नगर निगम के सात वार्ड में प्रत्याशियों की संख्या 15 से अधिक है। नामांकन वापसी की तिथि के बाद भी अगर इन वार्डों में प्रत्याशियों की संख्या 15 से अधिक बनी रही तो वहां पार्षद के मतदान के लिए दो ईवीएम लगाए जाएंगे। इसी तरह पिपराइच में छह पर्चे, बांसगांव में दो तथा पीपीगंज में चार पर्चे जांच में खारिज हो गए। अब नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए कुल 85 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इनमें पिपराइच से 16, सहजनवां से 14, बांसगांव से 11, मुंडेरा बाजार से 7, पीपीगंज से 11, गोला से चार, बड़हलगंज से 13 तथा नगर पंचायत उनवल से अध्यक्ष के लिए नौ प्रत्याशी मैदान में हैं।   
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें