सिद्धार्थनगर। बांसी-इटवा मार्ग पर गोल्हौरा थाना के महुआ गांव के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप ने एक किशोर को कुचल दिया। अस्पताल ले जाते समय किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी पथारु का पुत्र 15 वर्षीय शिवपूजन रात करीब नौ बजे वह गांव के पास सड़क किनारे गया हुआ था। इसी दौरान इटवा की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। बालक को कुचलते हुए पिकअप आगे निकल गया। शोर-गुल मचाते हुए लोग उस ओर दौड़े, लेकिन तब तक चालक पिकअप समेत फरार हो गया था। बुरी तरह जख्मी शिवपूजन को आनन-फानन में बांसी पीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पथारु की नौ संतानों में सात लड़की व दो लड़के हैं। इनमें शिवपूजन सबसे छोटा था। उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। रो-रोकर घर वालों का बुरा हाल है। गोल्हौरा एसओ आरके गौतम ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।