सिद्धार्थनगर। नेपाल की खुली सीमा से रोहिंग्या मुस्लिमों के जिले में प्रवेश को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस को सीमावर्ती क्षेत्र में फर्जी पहचान पत्र बनवाकर रोहिंग्या मुस्लिमों के प्रवेश का इनपुट मिला है। पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद जिले के थानों को अलर्ट कर दिया गया है। हाल ही में आए नए चेहरों पर विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। म्यांमार से खदेड़े जाने के बाद रोहिंग्या मुस्लिमों को देश में शरण पाने को लेकर गहम गहमी मची हुई है। सरकार ने भी उन्हें देश में शरण देने से इनकार कर दिया है। रोक के बाद पूरे देश में इनके प्रवेश को रोकने के लिए अलर्ट कर दिया गया था। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय से आए निर्देश में कहा गया है कि जिले में रोहिंग्या मुस्लिम के प्रवेश को लेकर सतर्कता बरती जाए। वह लोग फर्जी तरीके से आधार कार्ड, पहचान पत्र हासिल कर बैंक एकाउंट खोलने की फिराक में हैं। ऐसे में आधार कार्ड बनाने वाले केंद्र, पहचान पत्र बनाने केंद्र व बैंक पर विशेष नजर रखी जाए। अगर इस प्रकार के फर्जीवाड़े का मामला सामने आता है तो कार्रवाई की जाए। इस संबंध में एसपी डॉ.धर्मबीर सिंह ने बताया कि मुख्यालय से मिले निर्देश से सभी थानों को अवगत करा दिया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।