फरेंदा/लेहड़ा(महराजगंज)। नौसागर के कुंआडाड़ी गांव के मटिहनवां तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। चौथी बच्ची सिद्धार्थनगर जिले के सरौली टोला सीतारामपुर की थी। वह ननिहाल आई थी। एक साथ चार बच्चों की मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल हो गया। बच्चे तालाब में नहाने और सरखी निकालने गए थे।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के नौसागर के कुंआडाड़ी निवासी चीनक की दो बेटियां रूबिना व सबिना, असलम के पुत्र अरमान व यूसुफ के घर ननिहाल में आई आबिद की 10 वर्षीय पुत्री रुखसार रविवार को एक साथ मटिहनवां ताल में नहाने व सरखी निकालने गए थे। सरखी निकालते समय एकाएक चारों बच्चे डूबने लगे। राहगीरों की नजर डूबते हुए बच्चों पर पड़ी तो उनके शोर मचाने पर गांव के लोग आ गए। लोगों ने डूब चुके चारों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला। गंभीरावस्था में सभी को सीएचसी बृजमनगंज लाया गया। डॉक्टरों ने चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर एसओ बृजमनगंज ज्ञानेंद्र कुमार राय, तहसीलदार फरेंदा, पूर्व विधायक विनोद तिवारी समेत हल्का के लेखपाल व कानूनगो मौके पर पहुंच गए।