कुशीनगर। चंदरपुर गांव के सामने सड़क पार कर रही आठ साल की बालिका की बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामकोला-कप्तानगंज मार्ग स्थित चंदरपुर गांव निवासी विनोद गोंड़ की आठ वर्ष की बेटी अंजली अपनी मां सीमा के साथ घर आए रिश्तेदार को छोड़ने सड़क पर आई थी। रिश्तेदार को टैक्सी पर बैठाने के बाद सीमा और अंजली सड़क पार कर रही थीं। इस दौरान रामकोला की तरफ से जा रही बाइक की चपेट में आने से बेटी अंजली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक सवार भी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गिर पड़ा। लोगों ने बाइक सवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
एसओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी घरवालों की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।