गोरखपुर।
जंगल धूसड़ के महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज में जले ट्रांसफॉर्मर को बदलने में लापरवाही बरतने पर एसडीओ और अवर अभियंता को सस्पेंड कर दिया गया है। एसडीओ महेंद्र मिश्र को जले ट्रांसफॉर्मर को बदलने में लापरवाही, जिम्मेदारियों का निर्वाह करने में उदासीनता और जनता में बिजली विभाग की कार्यशैली को धूमिल करने का दोषी मानते हुए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने निलंबित किया है। अवर अभियंता अरुण चौधरी को भी ऐसे ही आरोप में अधीक्षण अभियंता ग्रामीण एके श्रीवास्तव ने निलंबित किया है।
उधर, दोनों अधिकारियों के निलंबन पर अवर अभियंता आक्रोशित हो गए और निलंबन वापस लेने की मांग लेकर देर शाम अधीक्षण अभियंता का घेराव भी किया। अवर अभियंताओं का कहना है कि निलंबित अवर अभियंता अरुण चौधरी ने ट्रांसफॉर्मर जलने की सूचना सभी उच्च अधिकारियों और वर्कशॉप को दी थी। इसके बाद भी ट्रांसफॉर्मर मुहैया कराने में वर्कशाप व विभागीय अधिकारियों ने लापरवाही बरती। अवर अभियंताओं ने कहा कि उन लोगों पर कार्रवाई करने की बजाय अवर अभियंता को ही निलंबित करना न्यायसंगत नहीं है।