दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर परिसर और संबद्ध अनुदानित डिग्री कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2019-20 से ही स्नातक, परास्नातक प्रथम वर्ष की 25 फीसदी सीटें बढ़ाई जाएंगी। कुलपति प्रो. वीके सिंह की अध्यक्षता वाली प्रवेश समिति ने इस पर बृहस्पतिवार को मुहर लगा दी।
प्रवेश समिति की आपात बैठक बृहस्पतिवार कुलपति कार्यालय में हुई। इसमें आगामी शैक्षिक सत्र की दाखिला प्रक्रिया में गरीब सवर्णों को 10 फीसदी आरक्षण देने का फैसला हुआ। कहा गया कि आरक्षण के प्रावधान के साथ ही स्नातक, परास्नातक कक्षा की सीटें बढ़ाई जाएंगी। निजी डिग्री कॉलेजों की 10 फीसदी सीटें बढ़ाई जानी हैं। विश्वविद्यालय परिसर और अनुदानित डिग्री कॉलेज में ज्यादा सीटें बढ़ेंगी। मीडिया प्रभारी प्रो. अजय शुक्ला का कहना है कि ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने की तारीख निर्धारित कर दी गई है। समय से प्रवेश परीक्षा कराके नतीजे घोषित किए जाएंगे, फिर कक्षाएं चलेंगी।
पांच अप्रैल से भरें स्नातक प्रवेश परीक्षा के फार्म
संयुक्त स्नातक प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन फार्म 5 अप्रैल से भरे जाएंगे। यह प्रक्रिया 25 अप्रैल तक चलती रहेगी। परास्नातक प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन फार्म 10 अप्रैल से भरे जाएंगे। इस पर मुहर लग गई है। फार्म भरने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तय है।
परास्नातक की ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा
पहली बार परास्नातक की प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड (ऑनलाइन) होगी। इससे गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर की परास्नातक की सीटें भरी जाएंगी। संबद्ध महाविद्यालयों की सीटें मेरिट के आधार पर भरी जानी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन दावा है कि परास्नातक की ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा कराने वाला गोरखपुर विश्वविद्यालय यूपी का पहला विश्वविद्यालय होगा। शहर के अलग-अलग केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी।