एसपी राजीव नारायन मिश्र ने मुठभेड़ में पकड़े गए इनामी बदमाश के बारे में जानकारी दी।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना (कुशीनगर)। एसटीएफ और जिले की पुलिस ने संयुक्त मुठभेड़ में 65 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार की सुबह कुशीनगर में रामाभार तिराहे के पास गिरफ्तार नीतीश कुमार सिंह कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र के रामपुर बगरा गांव का निवासी है। इस पर 17 अगस्त 2018 को देवरिया के भाटपार रानी इलाके में अखिलेश यादव नामक सिपाही की गोली मारकर हत्या का आरोप है।
एसपी राजीव नारायण मिश्र ने रविवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि पकड़े गए नीतीश कुमार सिंह ने 17 अगस्त 2018 को देवरिया जिले के भाटपाररानी इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान अखिलेश यादव नाम के आरक्षी पर उसने जानलेवा हमला कर दिया था और शाका नाम के अपने साथी के साथ भाग निकला था।
उन्होंने बताया कि इस बदमाश के खिलाफ बिहार के गोपालगंज जिले में लूट के कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा तरयासुजान, सेवरही, देवरिया के भाटपाररानी और बिहार के कुचायकोट थाने में भी मुकदमे हैं। नीतीश की गिरफ्तारी देवरिया पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये तथा कुशीनगर की पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
एसपी ने बताया कि 4 नवंबर को प्रात: छह बजे कसया थाना क्षेत्र के देवरिया रोड पर रामाभार तिराहे के पास नीतीश को एसटीएफ उत्तर प्रदेश फील्ड इकाई गोरखपुर और कुशीनगर की पुलिस टीम ने संयुक्त मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया।। उसके पास एक पिस्टल, कारतूस और दो किलोग्राम 370 ग्राम चरस बरामद हुआ है।
उसे गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसटीएफ फील्ड इकाई गोरखपुर, सीओ कसया ओमपाल सिहं, एसओ कसया शैलेश कुमार सिंह, स्वॉट टीम प्रभारी विकास यादव, आरक्षी चंद्रभान वर्मा और सर्विलांस टीम शामिल थी।