फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोटेदार के चयन में बवाल, चौकी इंचार्ज समेत तीन घायल

Fri, 16 Mar 2018 11:27 PM IST
siddharthnagar
विज्ञापन
खेसरहा थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में तैनात पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
खेसरहा(सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के भलुआ खगरगड्डी गांव में शुक्रवार को कोटेदार के चयन के बुलाई गई खुली बैठक में जमकर बवाल हुआ। गुस्साए लोगों ने पहले धक्का-मुक्की की और बाद में पथराव। इस घटना में कुर्थिया चौकी इंचार्ज हरेंद्र राय, एडीओ पंचायत श्रीनिवास सिंह व सेक्रेट्री राजदेव मिश्र जख्मी हुए। सभी को खेसरहा सीएचसी ले जाया गया, जहां से चौकी इंचार्ज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि एडीओ पंचायत के सिर में चोट आई है। घटना के बाद मौके पर एसडीएम-सीओ के नेतृत्व में छह थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है। इस संबंध में देर शाम 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन


वितरण में अनियमितता के चलते भलुआ खगरगड्डी गांव के कोटे की दुकान एक वर्ष पूर्व निलंबित की गई थी। नए कोटेदार के चयन के लिए शुक्रवार को गांव में खुली बैठक होनी थी। दो उम्मीदवारों ने इसके लिए आवेदन किया। इसमें पहले रामनरेश चौधरी के समर्थन में उपस्थित 415 लोगों ने हाथ उठाकर सहमति जताई। दूसरे उम्मीदवार विजय प्रकाश चौधरी के समर्थन में 445 मत गिने गए।

इस पर रामनरेश पक्ष के लोगों ने इस पर ऐतराज जताया। अपने पक्ष के कुछ वोट न गिनकर दूसरे पक्ष में उसे शामिल करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। महिलाओं व बच्चों ने एडीओ पंचायत व सेक्रेट्री को घेर लिया। बचाव में आए कुर्थिया चौकी प्रभारी हरेंद्र राय को धक्का देकर गिरा दिया। इसी बीच पथराव शुरू हो गया। सूचना पर खेसरहा एसओ रणधीर मश्र फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। एसडीएम बांसी प्रबुद्ध सिंह, सीओ बांसी उमाशंकर सिंह, महेंद्र सिंह देव के नेतृत्व में खेसरहा, बांसी, भवानीगंज, जोगिया, पथरा, गोल्हौरा थाने की फोर्स व क्यूआरटी मौके पर पहुंची।
विज्ञापन


एएसपी अरविंद मिश्र ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। एएसपी के मुताबिक 18 लोगों पर नामजद व 40 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

गांव छोड़कर फरार हुए पुरुष, फोर्स तैनात
खेसरहा। कोटेदार के चयन को लेकर बवाल के बाद गांव में तनाव कायम है। चप्पे-चप्पे पर फोर्स की तैनाती की गई है। हमले के बाद गांव के अधिकांश घरों के पुरुष सदस्य फरार हो गए हैं। महिलाएं व बच्चे ही गांव में है। वह भी घरों में दुबके हैं। खौफ का साया हर तरफ बना हुआ है। एसओ के मुताबिक उपद्रवियों ने ब्लाक टीम पर हमला किया था। चौकी इंचार्ज उनकी सुरक्षा कर रहे थे। अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हर गतिविधि पर पैनी निगाह रखी जा रही है।

बवाल में 11 गिरफ्तार, लगेगी रासुका
सिद्धार्थनगर। खेसरहा के भलुआ खगरगड्डी गांव में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने देर शाम 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। उनकी निशानदेही पर बवाल में शामिल अन्य उपद्रवियों की तलाश की जा रही है। इस संबंध में एसपी डॉ.धर्मबीर सिंह ने बताया कि पुलिस खुली बैठक के दौरान सुरक्षा के लिए तैनात थी। उपद्रवियों ने जब ब्लाक टीम पर हमला किया, तब उन्हें सुरक्षा देने के दौरान चौकी इंचार्ज जख्मी हुए। उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए सभी 11 लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें