गोरखपुर। किसानों को कर्ज माफी का प्रमाण पत्र देने के लिए कृषि विभाग व प्रशासन की तरफ से विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों को ब्लाक पर गुरुवार की सुबह नौ बजे बुलाया गया है। वहां से उन्हें बस से लेकर ब्लाक के कर्मचारी कार्यक्रम स्थल पर 12 बजे तक पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री एक बजे से तीन बजे तक किसानों को कर्ज माफी का प्रमाण पत्र देंगे।
जिले में 76 हजार से अधिक किसानों का कर्ज माफ किया गया है। गुरुवार को प्रथम चरण में 11 हजार किसानों को कर्ज माफी का प्रमाण पत्र दिया जाएगा। जिले के किसानों का 56 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज माफ हुआ है। विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री के लिए जहां मंच बनाया गया है वहीं किसानों के बैठने के लिए अलग से पंडाल लगाया गया है। 11 हजार किसानों को बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। किसानों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था भी प्रशासन की तरफ से की गई है। किसानों को लाने वाली बसें चंपा देवी पार्क में खड़ी होंगी। विश्वविद्यालय में जो मंच बनाया गया है उस पर मुख्यमंत्री के अलावा कृषि मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष बैठेंगे। इसके अलावा प्रमुख सचिव कृषि और कृषि उत्पादन आयुक्त भी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों और भाजपा नेताओं के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है। बुधवार को कार्यक्रम स्थल पर तैयारियाें का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा जिला कृषि अधिकारी देर शाम तक डटे रहे।