गोरखपुर।
छावनी रेलवे क्रासिंग के पास अंडरपास बनाने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस की ओर से झरना टोला वार्ड में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। साथ ही छावनी स्थित लोहे के पुल के चौड़ीकरण की मांग की गई।
मंगलवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दिलीप कुमार निषाद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने नीना थापा इंटर कॉलेज, सेंट स्टेफनिस, लिटिल कान्वेंट, जानकी माडर्न जूनियर हाई स्कूल, सेंट इस्वी पब्लिक स्कूल, बाबू पुरुषोत्तम दास डिग्री कॉलेज में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के दौरान दोनों को मांगों के लिए लोगों से समर्थन मांगा गया। इन स्कूलों के करीब 3500 लोगों ने हस्ताक्षर अभियान के दौरान समर्थन जताया। इस दौरान दिलीप निषाद ने कहा कि रेलवे क्रासिंग के बंद होने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही हैं। स्कूल जाने वाले विद्यार्थी इस समस्या से सबसे ज्यादा परेशान हैं। हस्ताक्षर अभियान पूरा होने के बाद इन दोनों मांगों को लेकर एनईआर महाप्रबंधक के कार्यालय पर धरना दिया जाएगा और मांगों का ज्ञापन दिया जाएगा। इस दौरान मुस्तफा अंसारी, राहुल कुमार, अन्नी निषाद, मक्खन निषाद, बनारसी निषाद, गोलू निषाद, बैजनाथ निषाद आदि मौजूद थे।