धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली कस्बे के कुर्मियान पुरवे के पास सोमवार शाम को वेस्टर्न यूनियन मनी ट्रांसफर के संचालक से बाइक सवार बदमाशों ने 2 .62 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया। घटना के बाद बदमाश कस्बे की तरफ भाग निकले। सूचना पर आनन-फानन में पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
महुली के लखनोहर गांव निवासी राशिद अंसारी (28) पुत्र सोएब अली ने नाथनगर में वेस्टर्न यूनियन मनी ट्रांसफर की फ्रेंचाइजी ले रखी है। सोमवार शाम करीब छह बजे वे महुली में स्थित कॉपी-किताब की दुकान चलाने वाले महादेवा गांव निवासी दुकानदार इकलाख को रकम देने जा रहे थे। अभी वे कुर्मियान पुरवे के मोड़ पर पहुंचे ही थे कि पीछे से एक बदमाश ने बाइक में धक्का देकर उन्हें गिरा दिया और ऊपर की जेब में रखे 2. 62 लाख रुपये और मोबाइल लूटकर महुली कसबे की तरफ भाग निकला। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे और महुली इंस्पेक्टर एसपी गौतम भी मौके पर पहुंचे। खबर पर एएसपी असित श्रीवास्तव के अलावा स्वाट टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पीड़ित राशिद अंसारी ने बताया कि उसके पास 2. 62 लाख रुपये थे। सभी नोट 2000 रुपये के थे। उसे दो लाख रुपये महुली के दुकानदार इकलाख को देने थे। जबकि 62,000 रुपये गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट क्षेत्र सेमरी गांव में एक व्यक्ति को देने थे। बदमाश पीछे से बाइक से गुजरा और उसकी बाइक में धक्का देकर धान के खेत में गिरा दिया। आरोप है कि जान से मारने की धमकी देकर उसकी जेब से 2.62 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया। इंस्पेक्टर एसपी गौतम ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।