गोरखपुर।
गोरखपुर यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में दावेदारी को लेकर प्रत्याशियों में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। पिछली बार किसी पद पर चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी दोबारा इस साल चुनाव लड़ सकेंगे या नहीं इस सवाल का जवाब किसी जिम्मेदार के पास नहीं है। संशय पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पूर्व में लिंगदोह समिति की सिफारिशों की बारीकि से अध्ययन के लिए एक कमेटी बनाई मगर कमेटी ने कोई सलाह देने से हाथ खड़े कर दिए हैं। अब यूनिवर्सिटी प्रशासन कोर्ट के महाधिवक्ता से सलाह लेने की तैयारी कर रहा है।
हाल ही में छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्रनेताओं के अनशन को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आननफानन में छात्रसंघ चुनाव कराने की घोषणा की। प्रो. संजय बैजल चुनाव अधिकारी भी बनाए गए। इसके बाद से ही यूनिवर्सिटी प्रशासन छात्रसंघ चुनाव के दावेदारों को लेकर दुविधा में फंस गया। बता दें कि लिंगदोह समिति की सिफारिशों के लागू होने के बाद दूसरी बार गोरखपुर यूनिवर्सिटी छात्रसंघ में चुनाव होने जा रहे है। इससे पूर्व काशी विद्यापीठ में ही दो बार छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार हुए हैं। वहां के कुलपति ने एक बार चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों के दोबारा चुनाव लड़ने पर रोक लगाई है। सूत्रों की मानें तो गोरखपुर यूनिवर्सिटी प्रशासन भी काशी विद्यापीठ की राह पर चल सकता है।
20 तक हो सकता है चुनाव
छात्रसंघ चुनाव की घोषणा 20 सितंबर के आसपास हो सकती है। सूत्रों की माने तो सितंबर में दुर्गा पूजा, मोहर्रम के साथ सीएम, शिक्षा मंत्री और राज्यपाल के आगमन को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन पूरे महीने व्यस्त रहने वाले हैं। गुरुवार को यूनिवर्सिटी प्रशासन के साथ हुई जिला प्रशासन की बैठक ये मुद्दा छाया रहा है। कोई निष्कर्ष नहीं पर होने पर इसे अगली बैठक तक के लिए टाल दिया गया है। वहीं यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से पांच सितंबर तक स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष के साथ स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष के प्रवेश कार्य पूरा कर लेने के निर्देश को भी इसी से जोड़ कर देखा जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को आईडी कार्ड जारी किया जा सके। 25 को राज्यपाल का कार्यक्रम भी यूनिवर्सिटी में प्रस्तावित है। सूत्रों की माने तो पिछले साल भी राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले ही चुनाव कराया गया था। ऐसे में दोबारा वैसी ही परिस्थितियां बन रही हैं।
आठ को शिक्षामंत्री करेंगे कमेटी हाल का उद्घाटन
प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा आठ सितंबर को गोरखपुर यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के सिलसिले में मौजूद रहेंगे। डॉ. शर्मा एडी बिल्डिंग में बने नए कमेटी हाल का उद्घाटन करने के साथ ही संवाद भवन में विद्यार्थियों के साथ रूबरू होंगे। जानकारी के अनुसार गोरखपुर यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव की तिथि का एलान डॉ. शर्मा खुद मंच से कर सकते हैं।