संतकबीरनगर।डीएम मार्कंडेय शाही ने सोमवार को परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान लापरवाही मिलने पर एक प्रधानाध्यापिका को निलंबित करने और एक विद्यालय के पूरे स्टाफ को बदलने का निर्देश दिया।
डीएम सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय प्रथम मॉडल स्कूल खलीलाबाद पहुंचे। यहां टूटा फर्श और टूटी खिड़कियां देखकर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने वहां के समस्त स्टाफ का तबादला मेंहदावल ब्लॉक में करने का निर्देश दिया। उसी समय व्यापारी सुनील छापड़िया वहां पहुंच गए। डीएम ने उनसे विद्यालय को गोद लेकर उसके जीर्णोद्घार की बात कही। इसके बाद व्यापारी सुनील छापड़िया ने विद्यालय को गोद लेकर उसे बेहतर विद्यालय बनाने का आश्वासन डीएम को दिया। इसके बाद डीएम प्राथमिक विद्यालय डीघा पहुंचे। जहां पर भारी अनियमितता मिली। इस पर प्रधानाध्यापिका रेनू कुमारी को तत्काल निलंबित करने का निर्देश बीएसए को दिया। विद्यालय परिसर में चल रहे आंगनबाड़ी केेंद्र पर मौजूद बच्चे काफी गंदे थे। इस पर कार्यकर्ता को कड़ी फटकार लगाई। 15 दिन की मोहलत देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र की हालत नहीं सुधरी तो अगले निरीक्षण में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बीएसए माया सिंह, जिला सूचना अधिकारी लाल जी शुक्ल आदि अन्य मौजूद रहे।