गोरखपुर।
इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने सिस्टम की कमियां दूर करने की कवायद शुरू कर दी है। शुक्रवार को इसी कड़ी में शासन की ओर से जिला अस्पताल से पीआईसीयू (पीडियाट्रिक इनसेंटिव केयर यूनिट) का ब्यौरा तलब किया है।
माना जा रहा है कि इसके पीछे शासन की मंशा पीआईसीयू में आई कमियों को दूर कराकर मरीजों को बेहतर सुविधा मुहैया कराना है। शुक्रवार को जेडी एईएस एसके अग्रवाल ने एसआईसी डॉ. दिनेश कुमार सोनकर को फोन करके तत्काल पीआईसीयू का ब्यौरा ईमेल करने को कहा। उन्होंने एसआईसी को बताया कि शासन की ओर से यह सूचना मांगी गई है इसलिए प्राथमिकता के आधार पर रिपोर्ट भेजी जाए। इसके बाद जिला अस्पताल से पीआईसीयू की रिपोर्ट जेडी एईएस को भेज दी गई।
दो वेंटीलेटर और कई प्रोब खराब
जिला अस्पताल के पीआईसीयू में कई दिनों से सामान खराब हैं। पीआईसीयू के दो वेंटीलेटर लंबे समय से खराब हैं। जीवन रक्षक प्रणाली से मरीज को जोड़ने वाले करीब आधा दर्जन प्रोब भी खराब हैं।