गोरखपुर। रुस्तमपुर से ट्रांसपोर्ट नगर रोड पर गड्ढे की खबर ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित होने के बाद पीडब्ल्यूडी ने पैच वर्क कर भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने का प्रयास किया है। बुधवार को अस्थायी पैच वर्क कर खानापूर्ति ही की गई है। जो मैटीरियल लगाया है वह बारिश में फिर से बिखर जाएगा। हालांकि शहर की सड़कों पर अभी कई जगह मरम्मत होनी बाकी है। मौके पर देखा गया तो गड्ढे से जो मैटीरियल उखड़कर बाहर आया था, उसे ही इकट्ठा करके गड्ढों में भर दिया गया है।
बुधवार को पूरे दिन पांच से छह कर्मचारी पैच वर्क में लगे रहे। कर्मचारियों ने बताया कि अधिकारियों ने अभी अस्थायी पैच वर्क करने के लिए बोला है। अभी की स्थिति में गड्ढे भरे जाने के बाद लोगों को बहुत ज्यादा राहत नहीं मिलेगी। वाहनों के लिए जोखिम बरकरार है। वाहनों के फिसलने की संभावना खत्म नहीं हुई है।
वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रामजीत प्रसाद ने बताया कि पक्की मरम्मत नहीं कराई जा सकती, क्योंकि अभी बारिश का मौसम है। तारकोल अभी जगह पर टिकेगा नहीं। इसलिए अस्थायी पैच वर्क ही किया जा सकता है, ताकि राहगीरों को कुछ राहत मिल सके। बरसात का मौसम खत्म होने के बाद ही अच्छे से मरम्मत कराई जाएगी।