सुरक्षा के मद्देनजर मॉल में चेकिंग करती पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमले के बाद जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी के मद्देनजर प्रमुख बाजारों, मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन की मंगलवार को एसपी सिटी विनय सिंह ने पुलिस बल के साथ चेकिंग की। एसपी सिटी ने मातहतों को भीड़ वाले बाजारों में विशेष निगरानी का आदेश दिया है। उधर, डीआईजी ने नेपाल, बिहार बॉर्डर पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने एसपी को खुद निगरानी करने को कहा है।
डीआईजी नीलाब्जा चौधरी ने सभी जिले के पुलिस कप्तान को निर्देश दिया है कि वह कांवड़ियों, शिव मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दें। जिले के सभी प्रमुख बाजार और मॉल की चेकिंग की जाए और लोगों को भी इस बात के लिए जागरूक किया जाए कि किसी भी लावारिस सामान को देखते ही पुलिस को सूचना दें। उनके आदेश के बाद एसपी सिटी विनय सिंह ने फोर्स के साथ गोलघर, सिटी मॉल व अन्य बाजारों की चेकिंग की।
बढ़ाई गई गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा
गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मंदिर में तैनात पुलिस वालों को आने-जाने वाले सभी की जांच करने का आदेश दिया गया है। एसपी सिटी ने भी फोर्स के साथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। गोरखनाथ मंदिर, अन्य प्रमुख मंदिरों, मॉल, बाजार, स्टेशन की चेकिंग का आदेश दिया गया है। नेपाल और बिहार बॉर्डर पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
- नीलाब्जा चौधरी, डीआईजी