अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
गोरखधाम एक्सप्रेस की महिला बोगी में सीट कब्जा करने को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। कई महिलाएं आपस में ही भिड़ गईं। कहासुनी के बाद मारपीट हुई। वे एक-दूसरे के बाल नोंचने लगीं। इसी बीच ट्रेन चल दी तो महिलाओं ने चेन पुलिंग कर दी। इसके बाद बोगी में पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने हंगामा कर रही महिलाओं को नीचे उतारकर उन्हें दूसरी बोगी में बिठाया। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई।
प्लेटफॉर्म दो पर जैसे ही गोरखधाम एक्सप्रेस खड़ी हुई, महिला बोगी में सीट कब्जा करने के लिए होड़ मच गई। भीड़ अधिक होने के चलते सीटें तुरंत फुल हो गईं। बाद में पहुंची कई महिलाओं ने पहले से बैठी महिलाओं से बैठाने के लिए को कहा। उनके मना करने पर कहासुनी होने लगी। कुछ यात्री बीच बचाव में आए तो महिलाएं उनसे भी लड़ने लगीं। इसी बीच दो महिलाओं ने पहले से बैठी महिलाओं से जबरदस्ती कर उन्हें उठाने लगीं। इसी दौरान अचानक हाथापाई शुरू हो गई। इससे कोच में अफरा-तफरी मच गई। हंगामा अभी रुकता कि ट्रेन चल दी। इसके बाद चेन पुलिंग कर दी गई। आरपीएफ के जवानों ने महिला बोगी में जाकर हंगामा कर रही महिलाओं को नीचे उतारकर दूसरी बोगी में बिठाया। इसके बाद मामला शांत हुआ और ट्रेन रवाना हुई।