गोरखपुर। सिद्धार्थनगर में प्रदेश का पहला मॉडल डिग्री कॉलेज खोला जाएगा। इसके अलावा संतकबीरनगर और बस्ती में कॅरियर हब संबंधित प्रोजेक्ट खोले जाएंगे। इसका बजट रूसा के तहत आवंटित किया गया है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की 3300 करोड़ धनराशि की परियोजनाओं को लोकार्पण किया। इसका लाइव प्रसारण गोरखपुर विश्वविद्यालय में किया गया। इसका साक्षी शिक्षक व विद्यार्थी बने।
प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में जब यूपी के जिलों को सौगात दे रहे थे तो विश्वविद्यालय के मजीठिया भवन में विद्यार्थी जोर से तालियां बजाकर स्वागत कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कुल 26 राज्यों एवं 51 जनपदों में शुरू होने वाले परियोजाओं का शिलान्यास किया। इससे करीब 4.2 लाख लोग लाभान्वित होंगे। इस परियोजना में 70 नए मॉडल डिग्री कॉलेज, 12 नए प्रोफेशनल कॉलेज, 66 इंटरप्रेन्योरशिप एवं इनोवेशंस और कॅरियर हब तीन की सौगात दी।
इस अवसर पर रूसा के डायरेक्टर प्रो. राजवंत राव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो रविशंकर सिंह, प्रो. मानवेंद्र प्रताप सिंह, प्रो विनय कुमार सिंह, डॉ केशव सिंह व विद्यार्थी मौजूद थे।