गोरखपुर। बस्ती में तैनात सिपाही धर्मेंद्र की हत्या में कैंट पुलिस ने पिता राममिलन की तहरीर पर एक ही परिवार के पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस नामजद किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही।
कैंट के गोपलापुर यादव टोला में शुक्रवार की देर रात सहजनवां के सीहापार निवासी सिपाही धर्मेंद्र यादव की चाकू घोंप कर हत्या की गई थी। सीओ कैंट प्रभात कुमार राय की अगुवाई में जांच में जुटी पुलिस टीम ने किशोर को हिरासत में लिया। सिपाही के पिता ने जो तहरीर दी है, उसके मुताबिक धर्मेंद्र अपने मित्र संदीप से मिलने आया था।
वहीं कुछ विवाद हुआ तो आरोपी किशोर, उसके घरवालों ने धर्मेंद्र की हत्या कर दी। धर्मेंद्र ने एक वर्ष पहले गोपलापुर में रामतीरथ यादव के मकान को किराए पर लिया था। उसकी गोपलापुर में कई लोगों से मित्रता थी। सहजनवां में मकान बनवाने के बाद धर्मेंद्र ने किराए का कमरा छोड़ दिया और गत 12 अक्तूबर से सहजनवां में रहने लगा। शुक्रवार को वह संदीप से मिलने गोपलापुर आया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिपाही के पेट में नाभि के पास नुकीला हथियार से घोंपा जाना सामने आया है। धर्मेंद्र की भर्ती 2015 में हुई थी। कैंट इंस्पेक्टर रवि राय ने बताया कि गोपलापुर के ही मारकंडेय सिंह, उनकी पत्नी, बेटी और उनके दो बेटों के खिलाफ हत्या-बलवा सहित कई गंभीर धाराओं में दर्ज मामले की जांच जारी है। जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।