गोरखपुर। पुण्यात्माओं के बलिदान, त्याग और तपस्या का प्रतीक तिरंगा साथ हो तो भारत माता का जयघोष जुबां पर आना स्वाभाविक है। उस पर भी अगर ये मौका स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या का हो तो जोश और उत्साह कैसा होगा, इसे हर भारतीय अपने दिल पर हाथ रखकर महसूस कर सकता है। इसी अहसास से लबरेज सैकड़ों बाइक पर लोग जब एक साथ शहर की सड़कों पर निकले तो हर किसी को देशभक्ति के उस भाव ने सराबोर कर दिया, जिसकी खातिर अमर उजाला ने अभिनव अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’ का शंखनाद किया है। इस बाइक रैली से जो भी रूबरू हुए धर्म, मजहब, जात-पात को भूलकर बस भारतीय हो गए। हर किसी ने वंदे मातरम् और भारत माता के जयकारे लगाए। अपने उद्देश्य में कामयाब होते हुए ये रैली शहरवासियों से एक साथ आजादी का जश्न मनाने को आमंत्रित भी कर गई।
गोरखपुर विश्वविद्यालय में दोपहर करीब दो बजे कुलपति प्रो. वीके सिंह, रायल इनफील्ड के निदेशक विशाल जायसवाल, डीपी मोटर्स के निदेशक नितिन मातनहेलिया, पूर्वांचल इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस के एमडी डॉ. राजीव गुलाटी, शाही ग्लोबल हास्पिटल के एमडी डॉ. एसएस शाही और आर्यन हास्पिटल के डॉ. डीपी सिंह ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली शुरू होने से पहले ही तिरंगा थामे युवाओं ने भारत मां का जयघोष शुरू कर दिया। कुछ तिरंगे के साथ सेल्फी ले रहे थे तो यूनिवर्सिटी की छात्राएं इस अद्भुत रैली को अपने कैमरे में कैद कर रही थीं। तमाम उत्साही छात्र बरबस ही रैली के साथ जुड़ते गए।
देखते ही देखते पूरा कारवां तैयार हो गया। रैली विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से निकलकर विश्वविद्यालय तिराहा पहुंची, फिर सिटी मॉल, गणेश चौक, गोलघर, कचहरी चौक, शास्त्री चौक, अंबेडकर चौराहा, छात्रसंघ चौराहा होते हुए विश्वविद्यालय वापस पहुंची। इस बीच रैली के आगे-आगे चल रही गाड़ी मां भारती के जयकारों का उद्घोष करने के साथ लोगों को विश्वविद्यालय में बुधवार की सुबह ‘मां तुझे प्रणाम’ के तहत आयोजित हो रहे भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने का आमंत्रण भी दे रही थी। रैली के समापन के बाद देर तक युवा तिरंगा लिए अपनी तस्वीरें मोबाइल कैमरे में लेते रहे। रैली से पूर्व अमर उजाला की ओर से अतिथियों को तिरंगा सैशे पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. गोपाल प्रसाद, आशीष अग्रवाल, भाजपा नेता रत्नेश पांडे, विजयेंद्र सिंह, प्रवीन तिवारी, अंकित श्रीवास्तव, गौरव तिवारी, अमित गोयल आदि मौजूद रहे।
किसी ने बस से तो कोई छत से बनाता दिखा वीडियो
रैली जब सड़क पर निकली तो जो जहां था वहीं ठहर गया। कोई बस की खिड़की से झांककर इस भव्य रैली को रिकॉर्ड करता नजर आया तो कहीं दुकान की छत से लोग इसे मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए। कई जगहों पर राहगीर भी रैली में सवार लोगों के साथ ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम् का नारा’ लगाते नजर आए।
वितरक भी रहेंगे शामिल
बाइक रैली में समाचार पत्र वितरक भी जोश-ओ-खरोश के साथ शामिल हुए। सोनू मंझवार, चंद्रेश, जीतेश मंझवार आदि बाइक लेकर तय वक्त से पहले विश्वविद्यालय पहुंचे। रैली के समापन पर उन्होंने वितरकों की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह में शिरकत करने की भी घोषणा की और कहा कि वितरकों को इस समारोह का बेसब्री से इंतजार है।
इनका रहा विशेष सहयोग
मुख्य प्रायोजक नाइन सेनेटरी नैपकीन, ड्रिवेन बाई हीरो, पावर्ड बाई ऐश्प्रा ज्वेलर्स और एएलएस (पाम पैराडाइज) अमर उजाला ‘मां तुझे प्रणाम’ के सह प्रायोजक जेपी एकेडमी, कैच मसाला, संगम साड़ी सेंटर, आईटीएम गीडा, केआईपीएम गीडा, दीपशिखा, सनलाइन ग्रीन, पिलर्स पब्लिक स्कूल, सेंट्रल एकेडमी, संस्कृति पब्लिक स्कूल, यूपी ट्रक संचालक एसोसिएशन, आर्यन हास्पिटल, सिटी बिल्डर्स एवं कालोनाइजर्स हैं। आयोजन के हास्पिटिलिटी पार्टनर होटल क्लार्क्स ग्रैंड, रेडियो पार्टनर 92.7 बिग एफएम, चैनल पार्टनर गोरखपुर न्यूज हैं। जेसीआई गोरखपुर मिड टाउन, एमबी मोटर्स के निदेशक तन्मय मोदी, नव्या मोटर्स के निदेशक रूपेश मातनहेलिया और डीपी मोटर्स के निदेशक नितिन मातनहेलिया का विशेष सहयोग रहा।