छात्रों ने प्रदर्शन कर नियुक्ति की सीबीआई जांच की मांग की।
गोरखपुर। गोरखपुर यूनिवर्सिटी में हुए शिक्षक भर्ती में आरक्षण नीति का उल्लंघन और अनियमितता का आरोप लगाते हुए छात्रनेताओं ने सोमवार को प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन देकर सीबीआई जांच की मांग की।
छात्रनेता भास्कर चौधरी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में छात्रनेताओं ने आरोप लगाया कि विधि विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर सामान्य वर्ग के रिक्त पद पर वंदना सिंह ने आवेदन किया था और उनका चयन अन्य पिछड़ा संवर्ग के रिक्त पद पर किया गया। इसी तरह शिक्षाशास्त्र में भी सामान्य वर्ग में आवेदन करने वाली छात्रा ममता चौधरी का चयन अनुसूचित जाति संवर्ग के रिक्त पद पर किया गया जो आरक्षण नीति उत्तर प्रदेश लोकसेवा का उल्लंघन है। छात्रनेताओं ने कई वर्तमान और भूतपूर्व शिक्षकों के पाल्यों का चयन नियम विरुद्ध करने का भी आरोप लगाया है।
प्रदर्शन करने वालों में डॉ. राजेश यादव, सत्येंद्र भारती, राजीव यादव, अजीत कुमार, सोनू सिद्धार्थ, सुधिराम रावत, राहुल चंद्रा, राज मंगल, विवेक कुमार, प्रशांत, नितेश कुमार आदि शामिल थे।