फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रथपर सवार होकर सीएम योगी खेलेंगे होली

Thu, 01 Mar 2018 06:03 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
योगी आदित्यनाथ
विज्ञापन
गोरखपुर। भगवान नृसिंह की शोभायात्रा शुक्रवार को निकलेगी। इसमें मुख्यमंत्री के तौर पर गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ पहली बार शामिल होंगे। इसकी सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा में दो हजार पुलिस कर्मी लगाए गए हैं। शोभायात्रा मार्ग पर छतों पर भी पुलिस तैनात रहेगी। आरएसएस की तरफ से निकलने वाली शोभायात्रा को ‘रंगभरी’ नाम दिया गया है। इसके जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली भी खेलेंगे।
विज्ञापन


एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि छह किलोमीटर लंबे शोभायात्रा के रास्ते की निगरानी सीसी कैमरे की मदद से की जाएगी। एसपी सिटी विनय कुमार सिंह, कोतवाली सीओ तारकेश्वर, सर्किल के सभी थानेदार ने रास्ते का निरीक्षण कर लिया है। राजघाट, कोतवाली और तिवारीपुर थानाक्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शोभायात्रा के मार्ग पर पड़ने वाली सभी बाजार की दुकानें इस दौरान बंद रहेंगी। सुरक्षा के लिहाज से घरों के छतों का निरीक्षण कराया गया है। हुड़दंग न होने पाए इसके लिए सादे वर्दी में भी पुलिस सड़कों पर गश्त करेगी। शोभायात्रा में 1500 सिपाही, सौ दरोगा, आठ अपर पुलिस अधीक्षक, 25 पुलिस उपाधीक्षक के अलावा दो कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। चार ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे शोभायात्रा की निगरानी की जाएगी।

डीजे प्रतिबंधित

एसएसपी ने कहा कि डीजे का इस्तेमाल प्रतिबंधित किया गया है। एसएपी ने लोगों से शांति बनाए रखने और आपसी सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की है। साथ ही कहा है कि हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सुबह 8.30 बजे शोभायात्रा की होगी शुरुआत

शोभायात्रा की शुरूआत सुबह करीब 8: 30 बजे होगी। गोरखनाथ मंदिर में परंपरागत पूजा अर्चना के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ घंटाघर पहुंचेंगे। इसके बाद नृसिंह की शोभायात्रा की शुरुआत होगी। हाल्सीगंज, मदरसा चौराहा, लालडिग्गी, घासीकटरा, जाफराबाजार, बेनीगंज (हरीशगंज), चरणलाल चौराहा, बक्शीपुर चौराहा, नक्खास चौराहा होते हुए शोभायात्रा घंटाघर आकर समाप्त होगी।

यात्रा रूट की सफाई में 250 सफाईकर्मी

गोरखपुर। नृसिंह शोभायात्रा पर नगर निगम की ओर से सफाई के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रा रूट पर सफाई के लिए इमरजेंसी गैंग समेत 250 सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। वहीं निगम के निर्माण विभाग की ओर से यात्रा रूट की सड़कों को पैचवर्क का काम पूरा कर लिया गया। पांडेयहाता से निकलने वाले जुलूस मार्ग पर बृहस्पतिवार को भी सफाई की गई। इसकी निगरानी खुद अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा ने की। मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पीएन गुप्ता, अवर अभियंता मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि सफाई का काम जारी रहेगा।

चौराहों पर पानी के 14 टैंकर के इंतजाम

शोभायात्रा मार्ग पर होली खेलने के लिए नगर निगम की ओर से प्रमुख चार चौराहों पर पानी के टैंकर रखे जाएंगे। इसके साथ ही दो टैंकर जुलूस के साथ रहेेंगे। निगम की ओर से कुल 14 टैंकर के इंतजाम किए गए हैं। जलकल के सहायक अभियंता अनूप सिंह ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान जलकल विभाग की ओर से बक्शीपुर चौराहा, अलीनगर चौराहा, नक्खास चौक और घंटाघर पर पानी के टैंकर रखे जाएंगे। इसके अलावा एक पानी का एक टैंकर जुलूस के साथ चलता रहेगा।

शोभायात्रा के दौरान बिजली कर्मचारियों की तैनाती

भगवान नृसिंह की शोभा यात्रा के दौरान जगह-जगह बिजली विभाग के गैंगमैन, लाइनमैन की तैनाती रहेगी। विद्युत उपकेंद्रों में एसडीओ और जेई की तैनाती भी की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें