मुक्तेश्वर नाथ मंदिर में पूजा करते लाेग।
- फोटो : Amar Ujala
बड़ी संख्या में भोले भक्तों ने बुधवार को भी भक्तिभाव से महाशिवरात्रि मनाई। इस दौरान पूरे दिन घंटे-घड़ियालों के ध्वनि के बीच शिवालय हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान रहे।
महानगर में ज्यादातर भक्तों ने मंगलवार को महाशिवरात्रि मनाई थी। वहीं अनेक भक्तों ने बुधवार को भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। नगर के लगभग सभी शिवमंदिरों में भांग, धतूरा, बेलपत्र, गन्ना आदि लिए भक्तों की भीड़ नजर आई और सभी ने श्रद्धापूर्वक शिव का जल और दूध से अभिषेक किया। शिवमंदिरों पर भजन-पूजन, कथा, कीर्तन, श्रीरामचरितमानस पाठ, शिवपुराण आदि भी जारी रहा। गोरखनाथ मंदिर, श्री मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, दुग्धेश्वरनाथ मंदिर, झारखंडी शिवमंदिर, बशारतपुर शिवमंदिर, हनुमान गढ़ी, मिर्जापुर शिवमंदिर, हट्ठीमाई मंदिर, बेतियाहाता स्थित हनुमान मंदिर समेत सभी शिवमंदिरों पर भक्तों की भीड़ नजर आई। महादेव झारखंडी स्थित शिव मंदिर पर बुधवार को भी मंगलवार जैसी ही भीड़ रही।
इस दौरान लोगों ने मेले का आनंद भी उठाया। रात्रि दो बजे से ही श्रद्धालु मंदिर पहुुंचने लगे थे। सुबह होते-होते भक्तों की लंबी कतार मंदिर के सामने लग गई। भक्तों ने ऐतिहासिक शिवलिंग का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की।