गोरखपुर यूनिवर्सिटी एवं संबद्ध कॉलेजों की वार्षिक परीक्षाओं के केंद्र घोषित कर दिए गए हैं। गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया समेत कुल 265 केंद्रों पर परीक्षा होगी। यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर ddugorakhpuruniversity.in पर भी केंद्रों की सूची अपलोड कर दी गई है। वार्षिक परीक्षाएं मार्च में शुरू होंगी। गोरखपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध 300 कॉलेजों में कुल दो लाख 76 हजार 409 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। इनमें करीब एक लाख 64 हजार 109 छात्राएं शामिल हैं। कॉलेजों से 17 मार्च की दोपहर 12 बजे तक आपत्तियां मांगी गई है। इसके बाद फाइनल सूची का प्रकाशन होगा।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 295 कॉलेजों स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली को खत्म करने के लिए कमेटी का गठन किया गया था। प्रो. चितरंजन मिश्र और प्रो. रविशंकर सिंह को कमेटी की अगुवाई में सौंपी गई थी। शासन की ओर से महिला केंद्रों को बरकरार रखने के फरमान के बाद से नए सिरे से केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया को शुरू किया गया। साथ ही इन केंद्रों की स्थलीय जांच के लिए 15 सदस्यीय टीम बनाई गई थी। टीम की रिपोर्ट पर आज मुहर लगी है।
30 कॉलेजों में नहीं बनेंगे सेंटर
गोरखपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध 30 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। इनमें पांच कॉलेज ऐसे हैं, जिन्हें नकल के चलते डिबार किया गया है। 20 कॉलेज ऐसे हैं, जहां छात्राओं की संख्या 80 से कम है। इनके केंद्र पांच किलोमीटर दूर बनाए गए हैं। वहीं पांच कॉलेज ऐसे हैं, जिनके स्थलीय निरीक्षण में कुछ आवश्यक मानक पूरे नहीं मिले। इन्हें केंद्र नहीं बनाया जाएगा।