राजन राय
गोरखपुर।
ट्रेनों में रिजर्वेशन के वक्त अब थर्ड जेंडर भी अपना ब्योरा दर्ज करा सकेंगे। रेलवे ने रिजर्व टिकट की बुकिंग के लिए आरक्षण फॉर्म में थर्ड जेंडर का कॉलम बढ़ा दिया है, साथ ही गर्भवती महिलाओं को कोटे के तहत बर्थ आवंटन में तरजीह का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे ने नए बदलाव के हिसाब से तैयारी तेज कर दी है।
अभी तक रेलवे आरक्षण के लिए फॉर्म में थर्ड जेंडर का ब्यौरा दर्ज कराने की सुविधा नहीं थी। इसे लेकर रेलवे में लंबे समय से मंथन चल रहा था। अब आरक्षण फॉर्म में लिंग के कॉलम में पुरुष, स्त्री के अलावा थर्ड जेंडर (उभयलिंगी) का विकल्प बढ़ा दिया गया है। फॉर्म में थर्ड जेंडर को भी पुरुष और स्त्री की श्रेणी भी स्पष्ट करनी होगी।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को ट्रेन में बर्थ रिजर्व कराने के लिए इलाज करने वाले पंजीकृत डॉक्टर का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को आरक्षण फॉर्म में राष्ट्रीयता भी दर्ज करानी होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि न्यायालय के निर्देश के क्रम में थर्ड जेंडर का कॉलम बढ़ाया गया है। राष्ट्रीयता का कॉलम बढ़ने से रेलवे के पास यह ब्यौरा सुरक्षित रहेगा कि कितने विदेशी पयर्टकों ने ट्रेन से सफर किया।
------