गोरखपुर। महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. नीना गुप्ता ने शुक्रवार को जिला और महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने के बाद जिला अस्पताल के पीआईसीयू का हाल जाना और बेहतर उपचार के लिए अस्पताल प्रशासन को प्रस्तावित कार्यों को शीघ्र पूरा करने निर्देश दिया।
डीजी हेल्थ बाढ़ के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करने पहुंची थीं। सबसे पहले वह जिला महिला अस्पताल की ओपीडी, ओटी, लेबर रूम, एनआईसीयू व सीसीयू का निरीक्षण किया और अस्पताल में बेहतर सफाई के लिए एसआईसी डॉ. दिनेश सोनकर को निर्देश दिया। इसके बाद वह जिला अस्पताल पहुंचीं और पीआईसीयू का निरीक्षण किया। यहां भर्ती मासूमों के घरवालों से बातकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद वह ब्रह्मपुर, चौरीचौरा बाढ़ क्षेत्रों का दौरा करने निकल गईं। इस दौरान सीएमओ डॉ. रवींद्र कुमार भी मौजूद रहे।
डॉ. नीना की निगरानी में हुआ बच्चे का जन्म
महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. नीना गुप्ता महिला अस्पताल का निरीक्षण कर रही थीं, तभी उन्हें ओटी में प्रसव के समय बच्चे के गर्भ में फंसे होने की जानकारी हुई। इस पर वह तुरंत ओटी पहुंच गईं और अपनी देखरेख में बच्चे का जन्म कराया।