गोरखपुर। विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त और फिर कई पुराने सपाइयों के पार्टी का साथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लेने से हताश कार्यकर्ताओं में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल नई ऊर्जा का संचार कर गए। क्रांति दिवस के मौके पर जिले में देश बचाओ, देश बनाओ जनसभा के तौर पर चुनाव के बाद यह पहला मौका था, जब किसी एक मंच पर इतनी बड़ी संख्या में सपाई जुटे। कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ ही उत्तम राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश और शिवपाल समर्थकों की गुटबंदी भी तोड़ने में सफल रहे। यही वजह रही कि जनसभा में दोनों गुटों के नेता अपने समर्थकों के साथ दिखाई पड़े। हर कोई प्रदेश अध्यक्ष के सामने मनमुटाव को दरकिनार कर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और सक्रियता साबित करने में जुटा रहा।
योगी सरकार को जमकर कोसने के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष यह भी संकेत दे गए कि गोरखपुर की सदर संसदीय सीट के उपचुनाव से पार्टी अपनी राजनीति को फिर से धार देने में जुटी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे उपचुनाव में पार्टी की जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दें। उन्होंने नसीहत दी कि कार्यकर्ता जनता के बीच पैठ बनाएं। भाजपा के ऐसे फैसलों को चिह्नित करें, जो किसी वर्ग विशेष के लिए अनुकूल न हो। उसे हथियार के तौर पर इस्तेमाल करें और जनता के बीच इन फैसलों से होने वाले नुकसान का जमकर प्रचार-प्रसार कर लोगों को आगाह करें। समाजवादी पार्टी की नीतियों और सरकार में रहते हुए पार्टी के अच्छे कामों को जनता के बीच ले जाएं और उनका विश्वास जीते।
यही नहीं प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी संकेत दिए कि विधानसभा चुनाव के बाद अब तक प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़े विरोध प्रदर्शनों से बच रही सपा सरकार इस जनसभा के बाद लगातार जनसभाएं, धरना, प्रदर्शन और ज्ञापन के जरिए विरोध जताती रहेगी।