संतकबीरनगर। जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने बताया है कि जन समस्याओं के त्वरित गुणवत्ता पूर्ण एवं प्रभावी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में शासन स्तर पर यह निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक बृहस्पतिवार को जिले के हर ब्लॉक मुख्यालय पर 10 से 2 बजे तक ब्लॉक समाधान दिवस का आयोजन खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किया जाएगा।
निर्धारित दिवस पर अवकाश की दशा में यह आयोजन में अगले कार्यदिवस में किया जाएगा। इसके साथ ही ब्लाक समाधान दिवस में भाग लेने वाले जन प्रतिनिधियों को सम्मान पूर्वक बैठने हेतु एक प्रमुख स्थान की व्यवस्था की जाएगी। ब्लॉक समाधान दिवस में आवेदकों द्वारा जो प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किये जाएंगे। उसमें आवेदक का अथवा उसके किसी परिचित का मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा। आवेदन पत्र सर्वप्रथम पंजीकरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। आवेदनकर्ता को प्राप्ति की रसीद भी दी जाएगी और उसके प्रार्थना पत्र पर निस्तारण की संभावित तिथि का अंकन होगा। ब्लॉक समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराये जाने का निर्देश दिया गया है। लेकिन गंभीर प्रकृति की शिकायतों का निराकरण टीम गठित कर मौके पर भेजकर कराये जाने का निर्देश दिया गया है। समाधान दिवसों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में शिकायत कर्ता को पूर्ण रूप से संतुष्ट किये जाने के लिए निर्देश दिये गये हैं। सभी खंड विकास अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों, सहित ब्लाक के अधिकारियों निर्देश दिए गए हैं कि इसका पालन अवश्य कराएं।