गोरखपुर।
खोराबार उपकेंद्र के दिव्यनगर विस्तार फीडर से जुड़े पांच हजार परिवारों का संडे बदहाल बिजली से बर्बाद हो गया। रविवार को इस फीडर से जुड़े इलाकों में आठ घंटा बत्ती गुल रहने से लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे। सुबह 11 बजे बिजली गुल हुई तो शाम सात बजे ही आई। लोगों में इसे लेकर काफी असंतोष दिखा। लोग कभी विभाग को तो कभी इसके अफसरों को कोसते नजर आए।
रविवार की सुबह करीब 11 बजे फीडर पर इंसुलेटर पंक्चर होने से आधा दर्जन मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। बसंत विहार, सूर्य विहार, गायत्री नगर, रानीडिहा सहित अन्य मोहल्लों में लोग पूरे दिन गर्मी व उमस से परेशान रहे। संडे का दिन होने से घरों में महिलाओं ने कपड़े साफ करने समेत कई काम सोच रखे थे, लेकिन बिजली गुल होने से ये काम लटक गए। इसके साथ ही बिजली बिना घरों में वक्त गुजारना कठिन हो गया। गर्मी और उमस के बीच छोटे बच्चे चिड़चिड़ा व्यवहार करते नजर आए। लंबी बिजली कटौती से घरों में लगे इन्वर्टर फेल हो गए। इससे लोगों की मुश्किल बढ़ गई। इलाके के लोगों ने बदहाल बिजली की शिकायत एसई को फोन करके दर्ज कराई।
नए फीडर पर उठे सवाल
खोराबार उपकेंद्र के दिव्यनगर फीडर को दो भाग में बांटने का काम 15 दिन पहले ही हुआ है। दिव्यनगर विस्तार के नाम से नया फीडर बनाया गया। इस नए फीडर का इंसुलेटर पंक्चर होने पर लोग इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाने लगे। एसडीओ नीति मिश्रा कहती हैं कि बारिश की वजह से कई जगह लाइन पर पेड़ की डाली गिरने के साथ ही इंसुलेटर पंचर हो गए। कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग करके फाल्ट खोजकर बनाया, लेकिन फीडर होल्ड नहीं हो सका। शाम को फाल्ट बनने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
अभिषेक नगर में लो-वोल्टेज
सिंघड़िया के अभिषेक नगर मोहल्ले में रविवार को लोग लो वोल्टेज से परेशान रहे। लोगों ने दो बजे शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद शाम छह बजे बिजली विभाग की टीम फाल्ट दुरुस्त करने पहुंची। साढ़े सात बजे समस्या दूर हो सकी।
सहारा इस्टेट उपकेंद्र दो घंटे रहा बंद
सराहा इस्टेट उपकेंद्र की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से रविवार को दो घंटा बिजली बाधित रही। बिजली विभाग के कई अधिकारी भी सहारा इस्टेट में रहते हैं। उनका फोन आने पर आनन-फानन कर्मचारियों ने फाल्ट ठीककर आपूर्ति चालू की। दोपहर एक बजे से तीन बजे तक लोग परेशान रहे।
डेढ़ घंटा बंद रहा गोलघर फीडर
रविवार को फेस चेंज करने के लिए शाम सात बजे गोलघर फीडर बंद कर दिया गया। इसके कारण गोलघर बाजार में जनरेटर के शोर और धुएं से ग्राहक और दुकानदार दोनों परेशान रहे। सिनेमा रोड से काली मंदिर तक सड़क अंधेरे में डूबी रही। डेढ़ घंटे बाद लाइन चालू हुई।