गोरखपुर।
नार्मल इलाके में रहने वाले परवेज सोमवार को इफ्तार की तैयारी में थे तभी बिजली गुल हो गई। पसीने से भीगकर किसी तरह इफ्तार किया फिर बत्ती आने का इंतजार करने लगे। घर में उमस के चलते रहना कठिन था इसलिए वक्त सड़क पर टहलते हुए बीता। इस बीच बत्ती गुल क्यों हैं, ये जानने की कोशिश में वह उपकेंद्र पर फोन लगाने लगे। नंबर व्यस्त जा रहा था। काफी कोशिश पर कॉल लगी तो पता चला कि मछली मंडी के पास तार टूटा है।
11 बजे हालात से समझौता करके परवेज घर पहुंचे तो परिवारवाले उमस से तड़पते मिले। गर्मी से तंग बीबी बेडरूम में बच्चों को संभालने में पसीने-पसीने हो रही थी। घंटों से गर्मी झेल रहे सात और चार साल के उनके दोनों बेटे बिस्तर पर लेटने के लिए तैयार नहीं थे। बीबी-बच्चों के संवाद में चिड़चिड़ाहट साफ झलक रही थी। काफी समझाने के बाद जब मजबूर होकर परवेज ने बच्चों को डांट-डपट लगाई तब वह आंख मूंदकर सोने का नाटक करने लगे। परवेज भी बिस्तर पर लेटे, लेकिन गर्मी ने नींद नहीं आने दी। सहरी का वक्त हुआ तो नींद से बोझिल पलकों के साथ बिस्तर छोड़ा। बिजली महकमे को कोसते हुए सहरी निपटाई फिर इबादत में जुट गए। सुबह बड़े बेटे को स्कूल जाने के लिए तैयार करना कठिन हो गया। परवेज ने बताया कि नींद पूरी न होने से बेटा स्कूल जाने को तैयार ही नहीं था। किसी तरह उसे समझाकर स्कूल रवाना किया। इस बीच 7.05 पर बिजली आ चुकी थी। इसके बाद डेढ़-दो घंटे की नींद लेकर थकान उतारी। नार्मल के विपिन, सुजीत, साहिल के साथ भी कमोवेश कुछ ऐसा ही बीता था। सिनेमा रोड इलाके में रात दो बजे लोगों की नींद बिजली के साथ उड़ गई। यूनिवर्सिटी उपकेंद्र से जुड़े इस फीडर को कई बार चालू करने की कोशिश की गई लेकिन लाइन सुचारु नहीं हो सकी। बिजली की आंखमिचौली के बीच सुबह 11.15 तक इलाके के लोगों को सांसत झेलनी पड़ी। डेढ़ घंटे सप्लाई के बाद 33 केवी मेन लाइन ब्रेकडाउन में जाने से एक बार फिर बत्ती गुल हो गई।
इनसेट
चूहे ने गुल कर दी बिजली
तारामंडल के जीडीए पश्चिमी फीडर की बत्ती एक चूहे के चलते घंटों गुल रही। सुबह आठ बजे उपकेंद्र के इनकमिंग नंबर एक में चूहा मर गया। इसके चलते जीडीए पश्चिमी फीडर की सप्लाई ठप हो गई। चूहे के चलते इनकमिंग का कांट्रेक्टर भी खराब हो गया। मरम्मत में दो घंटे का वक्त लगा। इधर सप्लाई चालू हुई तो एलआईसी के पास ट्रांसफार्मर फुंक गया। इसके बाद फिर बत्ती गुल हो गई। लाइन चालू करने की कोशिश चल ही रही थी कि पानमती के पास पोल टूटने की सूचना मिली। इस तरह बिजली की आंखमिचौली के बीच शाम सवा छह बजे तक जीडीए पश्चिमी फीडर से जुड़े कई मोहल्ले के लोग परेशान होते रहे।
लोकल फॉल्ट ने भी खूब रुलाया
नार्मल, नौसढ़, तारामंडल उपकेंद्र के कई इलाकों में लोकल फॉल्ट ने उपभोक्ताओं को परेशान किया। नार्मल में सोमवार शाम 6.10 बजे मछली मंडी के पास तार टूट गया। इसके चलते मंगलवार सुबह 7.05 बजे तक नार्मल फीडर बंद रहा। नौसढ़ के महावीरछपरा फीडर में बत्ती फॉल्ट के चलते सोमवार रात 1.30 से मंगलवार सुबह 7.50 तक बंद रही। इसके चलते दर्जनों गांवों के बाशिंदों को अंधेरे में रात काटनी पड़ी। तारामंडल उपकेंद्र का जीडीए पश्चिमी फीडर सुबह से ही फॉल्ट से जूझता रहा। यहां शाम तक समस्या रही। वहीं सोमवार रात में हुई हल्की बारिश में कई इलाकों में फॉल्ट आए थे। यूनिवर्सिटी उपकेंद्र का सिनेमा रोड फीडर रात दो बजे ट्रिप हुआ। कई कोशिशों के बाद सुबह करीब आठ बजे फीडर होल्ड हुआ। थोड़ी देर सप्लाई के बाद फिर फॉल्ट के चलते सप्लाई बाधित हुई। दोपहर में सप्लाई सुचारु हुई।
नार्मल और सिनेमा रोड पर पानी की किल्लत
नार्मल फीडर और सिनेमा रोड फीडर से जुड़े इलाकों में पूरी रात बिजली गुल होने के चलते सुबह लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। इन क्षेत्रों में लोग सुबह हैंडपंप से पानी भरकर घर ले जाते नजर आए। इस तरह से लोगों ने दिनचर्या से जुड़े काम निपटाए और रसोई तैयार की। पानी के लिए परेशानी हुई तो लोग बिजली विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त करते नजर आए।