हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने रोडवेज की अनुबंधित बस में आग लगा दी।
- फोटो : amar ujala
खोराबार (चौरीचौरा)। झंगहा के महाजन डिग्री कॉलेज के पास गोरखपुर से देवरिया जा रही बस की चपेट में आने से साइकिल सवार महाबल (52) की मौत हो गई। उनके साथ जा रहे मदन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने रोडवेज की अनुबंधित बस में आग लगा दी। दमकल की गाड़ी और तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तो हालात पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने घरों में घुसकर लोगों की पिटाई की। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
खोराबार के रामपुर गांव के नथई टोला निवासी महाबल रामनगर करजहां स्थित खाद कारखाने में काम करते थे। बृहस्पतिवार की शाम 6:30 बजे गांव के ही मदन के साथ घर लौट रहे थे। अभी वह महाजन डिग्री कॉलेज के पास ही पहुंचे थे कि गोरखपुर की ओर से देवरिया जा रही अनुबंधित बस की चपेट में आ गए। महाबल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मदन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ने अचानक ब्रेक मार दिया। इसके बाद वह खलासी के साथ फरार हो गया। पुलिस के पहुंचने में देर होने पर नाराज लोगों ने यात्रियों को बाहर कर बस में आग लगा दी। यात्रियों को दूसरे वाहनों से भेजा गया।
एक घंटे बाद पहुंची पुलिस
ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मौत की खबर पाकर महाबल के घरवाले भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। एसपी नार्थ अरविंद पांडेय का कहना है कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। चालक और खलासी की तलाश की जा रही है।