गोरखपुर में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से 1.47 लाख लूटे
अमर उजाला ब्यूरो
बेलीपार (गोरखपुर)। बाइक सवार दो बदमाशों ने बेलीपार के जीतपुर स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक राजू प्रसाद को पिस्टल सटाकर 1.47 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद वे बाघागाड़ा की ओर फरार हो गए। एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
संतकबीरनगर निवासी राजू प्रसाद बेलीपार के जीतपुर में 2014 से एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर 12 बजे वह महादेव बाजार से 47 हजार रुपये निकालकर सेवा केंद्र पहुंचे। वहां पहले से कुछ महिलाएं और दो आदमी थे। केंद्र खोलने के साथ ही हेलमेट लगाए एक शख्स ने 20 हजार रुपये निकालने की इच्छा जताई, मगर राजू ने 10 हजार रुपये ही देने की बात कही और युवक से हेलमेट निकालने को कहा। इसके बाद राजू जब बैग खोलने लगे तभी दूसरे बदमाश ने पिस्टल निकालकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों बैग छीनकर फरार हो गए।