ईवीएम खराब कर दो से चार घंटे तक मतदान प्रभावित करने की शिकायत के बाद सोमवार को सपाइयों ने ईवीएम में छेड़छाड़ कर वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने की भी निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। सपा प्रत्याशी प्रवीण कुमार निषाद ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भेजे शिकायती पत्र में लिखा है कि शाम छह बजे संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से 43 फीसदी वोटिंग की विज्ञप्ति जारी की गई। इसके दो घंटे बाद गोरखपुर के जिला निर्वाचन कार्यालय की तरफ से फिर एक विज्ञप्ति जारी की गई जिसमें वोटिंग प्रतिशत 47.45 बताया गया।
उन्होंने आगे लिखा है कि निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन कार्यालय के पोलिंग आंकड़ों में 4.45 फीसदी के भारी अंतर से यह प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री के दबाव में जिला प्रशासन ने ईवीएम में छेड़छाड़ कर वोट प्रतिशत बढ़ाया है। उन्होंने निष्पक्ष मतगणना में भी आशंका जताते हुए आयोग की तरफ से किसी वरिष्ठ अधिकारी से निगरानी की मांग की है।