रेलवे स्टेशन के पास से अतिक्रमण हटाया गया।
- फोटो : Amar Ujala
रेलवे स्टेशन रोड से मंगलवार को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान रोड के दोनों किनारों पर ठेले और खोमचे वालों को हटाने के साथ ही सख्त हिदायत दी गई। एसपी सिटी विनय सिंह ने कहा कि दोबारा अतिक्रमण लगा तो केस दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
एसपी सिटी विनय सिंह और एसपी ट्रैफिक आदित्य वर्मा की अगुवाई में मंगलवार दोपहर 12 बजे पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के सामने महाराणा प्रताप की प्रतिमा से लेकर यातायात दफ्तर तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस के पहुंचते ही अफरातफरी का माहौल हो गया। अफसरों की मौजूदगी में पुलिस ने सड़कों से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान सीओ ट्रैफिक प्रवीण सिंह, कैंट इंस्पेक्टर मनोज पाठक मौजूद रहे।
पहले भी हटाया जा चुका है अतिक्रमण
रेलवे स्टेशन रोड पर पहले भी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जा चुका है। कुछ दिन तक तो जाम से निजात रहता है लेकिन दोबारा अतिक्रमण से पहले जैसे हालात हो जाते हैं। हालांकि इस बार अफसरों का दावा है कि किसी भी दशा में अतिक्रमण दोबारा नहीं होने देंगे। इसके लिए समय-समय पर अभियान चलेगा। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर केस दर्ज कर जेल भी भेजा जाएगा।