गोरखपुर। जल्द ही शहर की कई खराब सड़कों का कायाकल्प होगा। साथ ही सफाई व्यवस्था भी सुधरेगी। शनिवार को अवस्थापना निधि की बैठक में कमिश्नर अनिल कुमार ने करीब 11 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी दी।
कमिश्नर सभागार में शनिवार को आयोजित अवस्थापना निधि की बैठक में उन्होंने 9.70 करोड़ रुपये विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुधार के लिए स्वीकृत किए। इसके अलावा पांच नलकूप स्थापित करने, 20 बायो टॉयलेट एवं यूरिनल की खरीद के प्रस्ताव के अलावा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत 1.80 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभी काफी कुछ करने की जरूरत है। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। उन्होंने आगामी गर्मी से पूर्व विभिन्न स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित करने के संबंध में भी योजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में जीडीए वीसी वैभव श्रीवास्तव, नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश सिंह समेत मुख्य अभियंता जल निगम, नगरनिगम के अधिकारी उपस्थित थे।