गोरखपुर।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बालरोग विभाग में 24 घंटे के दौरान 18 बच्चों की मौत हो गई। मरने वालों में इंसेफेलाइटिस पीड़ित चार बच्चे भी शामिल हैं। वहीं इस दौरान इंसेफेलाइटिस के 25 नए मरीज भी भर्ती किए गए।
24 घंटों के दौरान नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) में सात और पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में 11 बच्चों की मौत हुई। इनमें चार की मौत इंसेफेलाइटिस से हुई है। इनमें देवरिया की आशा (37), गोरखपुर का भोलू (6), महाराजगंज का आफताब (3) व सिद्धार्थनगर की मोहिनी (4) है। प्राचार्य डॉ. पीके सिंह ने बताया कि चिकित्सकों के पूरे प्रयास के बाद भी गंभीर हाल में भर्ती इन बच्चों को नहीं बचाया जा सका। इसके साथ इस साल अब तक इंसेफेलाइटिस से दम तोड़ने वाले मरीजों की संख्या 243 हो गई है। वहीं इस दौरान गोरखपुर के छह, संतकबीरनगर, कुशीनगर, बिहार के तीन-तीन, देवरिया के पांच, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर के दो-दो और बाराबंकी के एक मरीज भर्ती किए गए। इसके साथ ही इस साल अब तक कुल 1140 इंसेफेलाइटिस पीड़ित भर्ती हो चुके हैं। इनमें से 134 मरीजों का इलाज अभी बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।