नौतनवां। नगर के जनता चौक के समीप स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के सामने खड़े स्कूटर की डिकी खोलकर चोर डेढ़ लाख रुपये उड़ा ले गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर के हमीदनगर निवासी प्रभाकर मिश्रा सुबह ग्यारह बजे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की नौतनवां शाखा से डेढ़ लाख रुपये निकाल कर बैंक में ही कुनसेरवा निवासी सुजीत शुक्ला को किसी काम के लिए दिया। सुजीत रुपये लेकर बैंक से बाहर आए और अपने स्कूटर में रुपये को रख दिया। स्कूटर की डिकी लॉक कर पास में ही मौजूद एचडीएफसी बैंक की शाखा में किसी काम से चले गए। कुछ देर बाद लौटे तो देखा कि उनके स्कूटर की डिकी खुली हुई है और उसमें रखे डेढ़ लाख रुपये और कुछ जरूरी कागजात भी गायब हैं। उन्होंने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी की जांच की। लेकिन, चोर की पहचान नहीं हो पाई। एसओ प्रहलाद पांडेय ने बताया कि सुजीत शुक्ला की तहरीर पर चोरी का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।