कुशीनगर। छोटी गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से हुई वृद्धि के चलते मड़ार विंदलवलिया के सात टोलों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। इसके अलावा एक दर्जन अन्य गांव भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। नदी के किनारे कटान शुरू होने से मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
छोटी गंडक नदी में मंगलवार से ही पानी तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते बुधवार को मड़ार विंदवलिया गांव के घाट टोला, श्रीनगर, मलाहीपट्टी, मुसहरी पट्टी, दुर्गा टोला, बन टोला, दुसाधी पट्टी, विंदवलिया आदि में पानी भर गया है। देवतहा बाली के बाली पासी टोला एवं लक्ष्मीपुर कुर्मीपट्टी के केरवनिया टोला, मलाही टोला, नौका टोला, मिश्रौली, डाड़ टोला आदि में भी घरों में पानी पहुंच गया है। मड़ार गांव के मोतीलाल मद्धेसिया, बीडीसी अनूप सिंह, मुन्ना मद्धेसिया, छोटेलाल यादव, दिनेश सिंह, मदन यादव, बृजेश सिंह, जनार्दन पांडेय, देवतहा बाली के अंजनी तिवारी, बीडीसी अर्जुन पासवान, कुर्मीपट्टी के बीडीसी रामानुज मिश्रा, छोटे गोविंद राव आदि ने बताया कि अभी प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं मिली है।
इस संबंध में एसडीएम पडरौना अजय नरायन सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में राजस्व कर्मियों को लगा कर बाढ़ प्रभावितों की सूची बनवाई जा रही है। पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।