भाई बहन के स्नेह से भरे रिश्ते का प्रतीक पर्व रक्षा बंधन सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी तो भाइयों ने उनकी आजीवन रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान भाइयों ने बहनों को नकद और गिफ्ट भी दिए। बहुत सी बहनों ने व्रत रखा। वहीं इस खास मौके पर शहर में कई आयोजन भी हुए।
त्यौहार को लेकर सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। राखी और मिठाई की दुकानों को खास ढंग से सजा कर दुकानदार ग्राहकों को लुभाने की कोशिश करते दिखे। इस बार राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह नौ से दोपहर 1:52 के बीच था, ऐसे में छुट्टी के दिन भी सुबह से ही शहर की सड़कों पर खूब चहल पहल बनी रही।
सोशल मीडिया भी माध्यम
जॉब या पढ़ाई के सिलसिले में घर से दूर रहने वाले भाईयों को बहनों ने डॉक या कूरियर के माध्यम से राखी भेजी। भाईयों ने विधि विधान से बहनों के स्नेह रूपी धागे को हाथों पर बांधा। वहीं कई लोगों ने विडियो काल के जरिए त्यौहार की सभी रवायतों को पूरा किया। एक दूसरे को शुभकामना देने में भाई-बहनों ने सोशल नेटवर्किंग साइट्स का भी खूब इस्तेमाल किया।