महराजगंज। स्थानीय शिवनगर मुहल्ले में भगवान बुद्ध की प्रतिमा तोड़ दिए जाने से नाराज महाराजा अंजन बौद्ध विहार समिति के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। कोतवाली में तहरीर देकर अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों के आक्रोश को देखते हुए सीओ एसपी सिंह, कोतवाल अनुज सिंह, चौकी इंचार्ज जयशंकर मिश्र ने मौके का अवलोकन किया। समिति के लोगों को भरोसा दिया कि अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बीती रात शिव नगर मुहल्ले में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। बुधवार की सुबह इसकी जानकारी महाराजा अंजन बौद्ध विहार समिति के पदाधिकारियों को हुई तो वे आग बबूला हो गए। सभी ने प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया। इसके बाद समिति की ओर से कोतवाली तहरीर देकर इस मामले में कडी कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान महेंद्र प्रसाद भारती, धु्रवनरायण, फूलचंद, अरविन्द, गुड्डू कुमार,बृजेश, रामसेवक, सावन, विजय, रामनरेश, मनोज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अजित कुमार, नंद गोपाल आदि मौजूद रहे।