कुशीनगर। रविवार की शाम गोरखपुर की तरफ जा रही रोडवेज बस सामने से आ रही अनुबंधित बस से टकरा गई। इससे रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर एक कार से जा टकराई। इन वाहनों की टक्कर में तीन व्यक्ति घायल हो गए। उन्हें कसया सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक की हालत चिंताजनक देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रविवार की शाम करीब साढे पांच बजे कैसरबाग डिपो की बस गोरखपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान लोहियवा पुल के निकट गोरखपुर से कसया की ओर आ रही एक अनुबंधित बस से उसकी टक्कर हो गई। इसके बाद कैसरबाग डिपो की बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी एक कार में भिड़ गई। हालांकि उस समय कार में कोई व्यक्ति सवार नहीं था। इस हादसे में कैसरबाग डिपो की बस में सवार जटहां बाजार थाना क्षेत्र के गांव सहोदरपट्टी निवासी वागीशा पांडेय (20) व उनके पिता अमरनाथ ( 55), थाना तरया सुजान के गांव बैजूपट्टी निवासी अनवर अंसारी (37) घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया, जहां पर प्राथमिक इलाज के बाद वागीशा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वागीशा पांडेय गाजियाबाद इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए जा रही थीं। इसके अलावा अनुबंधित बस में सवार कुछ लोगों के घायल होने की बात कही जा रही, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।